दरभंगा। लहेरियासराय थाने के कई कांडों का प्रभार नहीं सौंपने वाले लापरवाह पुलिस अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश सीटी एसपी अशोक कुमार प्रसाद ने आदेश लहेरियासराय थाना अध्यक्ष को दिया है। उन्होंने कहा, थाने में पहले से पदस्थापित इंस्पेक्टर व दरोगा द्वारा 27 कांडों का प्रभार अभी तक नहीं सौंपा गया है, इसके कारण अनुसंधान बाधित है। कई बार इन अधिकारियों को कांडों का प्रभार सौंपने के लिए सूचना दी गई थी। लेकिन इन लोगों ने अभी तक प्रभार नहीं सौंपा।
यह अधिकारियों द्वारा अपने कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही व आदेश का उल्लंघन है। जिसके फलस्वरुप इन लोगों के विरुद्ध लहेरियासराय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर, आगे की कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।
उन्होनें बताया, पुअनि जगदीश महतो द्वारा सबसे अधिक 2012 में दर्ज 6 कांडों का प्रभार अभी तक नहीं सौंपा गया।
वहीं पुलिस निरीक्षक राधेश्याम यादव द्वारा तीन कांड, बृजेश पाठक द्वारा दो कांड, राम किशोर शर्मा द्वारा तीन कांड, पुलिस अवर निरीक्षक जगदीश महतो द्वारा छह कांड, महानंद यादव द्वारा एक कांड, व कृष्णा चौधरी द्वारा पांच कांड का प्रभार अभी तक नहीं सौंपा गया है।
इसके अलावा तत्कालीन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल द्वारा एक कांड, पुलिस अवर निरीक्षक मारकंडेय सिंह द्वारा एक, निर्मल राम द्वारा एक व डी एन शर्मा द्वारा 3 कांडों का प्रभार नहीं सौंपा गया है। इसमें से कई कांड ऐसे हैं जिसकी प्राथमिकी वर्ष 2012 में ही हुई थी।