-
भारतीय अटल सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दर्ज कराया केस
-
गायक, गायिका व संगीतकार समेत कई लोग नामजद
आरा, देशज टाइम्स। भोजपुरी भाषा में गायकी के नाम पर रातों रात स्टार बनने के लिये शॉर्टकट से पैसा कमाने में लगे गीतकार, संगीतकार, लेखक और म्यूजिक कम्पनी के लोग भोजपुरी भाषा को देश और दुनिया में बदनाम करने में लगे हैं। ऐसे ही लोगों के खिलाफ भारतीय अटल सेना (राष्ट्रवादी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद कुमार तिवारी ने भोजपुरी गायकी में अश्लीलता का जहर घोलने वाले गायक, गायिका, गीतकार, म्यूजिक डायरेक्टर तथा रिलीजिंग कंपनी समेत कई लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शुक्रवार को बक्सर नगर थाने में दिए अपने आवेदन में तिवारी ने बताया है कि भोजपुरी जैसी समृद्ध भाषा को बदनाम करने वाले गायक-गायिका डायरेक्टर म्यूजिक डायरेक्टर एवं निर्माता निर्देशकों की ओर से लगातार भोजपुरी में अश्लीलता परोसी जा रही है।
हद तो तब हो गई जब यह कामुक गीतों को परोसने के साथ साथ महापुरुषों के नाम पर भी अश्लील गीत परोसने लगेे हैं। पुलिस को दिए गए आवेदन में उन्होंने गायिका अंतरा सिंह “प्रियंका”, गीतकार विकेश विधाता, सोनोटोन म्यूजिक कंपनी के डायरेक्टर, गायक अवधेश प्रेमी, प्रमोद प्रेमी, कृष्णा बेदर्दी, आशीष सोपाड़ा, दीपक तिवारी, डायरेक्टर राकेश कुमार, संजीवनी म्यूजिक एवं रिलीजिंग कंपनी तथा वेव म्यूजिक कंपनी के डायरेक्टर गीतकार अरुण बिहारी, संगीतकार शंकर सिंह व पटना स्थित शिव स्टूडियो के संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया है कि ऐसे लोगों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए।
भोजपुरी गीतों में अश्लीलता के खिलाफ भारतीय अटल सेना (राष्ट्रवादी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तिवारी ने मुहिम चला रखी है। देशज तस्वीर : केस दर्ज कराने के बाद समाज के लोग