नयी दिल्ली ,देशज न्यूज। बिहार के मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह ने दिल्ली की साकेत कोर्ट में शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे अचानक सरेंडर कर दिया। बिहार पुलिस मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए सरगर्मी से तलाशती रह गई। बिहार के कोर्ट में अनंत सिंह के सरेंडर की अफवाहें उड़ रही थीं। इसके बाद अनंत सिंह ने बिहार के किसी कोर्ट को छोड़कर दिल्ली के साकेत कोर्ट को चुना। अब उसके बाद प्रक्रिया के तहत उन्हें न्यायिक हिरासत में लिया जाएगा। आज ही बिहार के मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में अनंत सिंह कह रहे हैं कि उनको कोर्ट पर भरोसा है। वो जब भी हाजिर होंगे कोर्ट के सामने हाजिर होंगे।
वीडियो में अनंत सिंह कह रहे हैं कि वो कभी भी पुलिस के सामने सरेंडर नही करेंगे। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये वीडियो कहां से जारी किया गया है। पुलिस लगातार विधायक अनंत सिंह की तलाश कर रही है। पुलिस को शक है कि अनंत सिंह जमीन के रास्ते नेपाल ना भाग जाएं। पुलिस नेपाल बार्डर पर लगातार चेकिंग कर रही थी। विधायक अनंत सिंह के पास पासपोर्ट नहीं है। इसलिए वो देश से बाहर नही भाग सकते हैं, लेकिन नेपाल भागना आसान है। पुलिस ने विधायक अनंत सिंह की गिरफ्तारी के लिए 11 टीमें बनाई थीं । इसके बावजूद पुलिस पता नही लगा पायी कि अनंत सिंह ने ये वीडियो कहां से बनाया । अनंत सिंह के घर में एके- 47 के साथ कई गोला- बारूद बरामद हुए थे।