कोलकाता, देशज न्यूज। मरने के बाद भी दूसरों को जिंदगी देने के पुण्य कर्म अंगदान के प्रति महानगर में जागरुकता तेजी से बढ़ी है। एक बार फिर सड़क दुर्घटना में ब्रेन डेथ के बाद 18 वर्षीय लड़की के परिजनों ने उसके सभी अंगों को दान करने का निर्णय लिया है। मृत लड़की का नाम मनीषा रॉय है। दस अगस्त की देर रात दो बजे के करीब वह अपने मित्र अभिषेक रॉय (21 साल) के साथ बाइक पर बैठकर जा रही थी। तभी कोलकाता के मानिकतला थाना अंतर्गत ईएम बाइपास के पास उनकी बाइक का नियंत्रण खो गया था और दोनों सड़क पर दूर तक छिटकते चले गए थे।
मौके पर ही अभिषेक की मौत हो गई थी जबकि गंभीर हालत में मनीषा को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसका इलाज चल रहा था। लेकिन मंगलवार देर रात उसने भी दम तोड़ दिया। बेटी की मौत के बाद परिजनों ने उसके अंगों को दान करने का निर्णय लिया । दरअसल, मनीषा की मौत के बाद अपोलो अस्पताल के चिकित्सकों ने उसके पिता अशोक रॉय से उसके अंगों को दान करने का अनुरोध किया था। डॉक्टरों के अनुरोध को उन्होंने स्वीकार किया और बेटी के सभी अंगों को दान करने का निर्णय लिया।