गया। बिहार में गया जिले के डोभी थाना अंतर्गत बजौरा गांव के पास गुरुवार को जमीनी विवाद में दो पक्षो के बीच जमकर मारपीट हुई।एक पक्ष के द्वारा गोली चलाई गई। जिससे दूसरे पक्ष की महिला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई।घायल महिला की मौत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान हो गई। मृतका बजौरा गांव की मुन्ना देवी थी।
इस घटना के बाद मुन्ना देवी के परिजनों ने गया-डोभी सड़क मार्ग को तीन घंटे तक जाम कर दिया। स्थानीय पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को धरना स्थल से हटाया। घटना के संदर्भ में मृतक के परिजन श्यामदेव यादव ने कहा कि उनके परिजन लगभग एक सौ साल से उक्त जमीन पर काबिज है। उक्त जमीन को लेकर स्थानीय न्यायालय में मामला चल रहा है।गुरुवार को मनोहर लाल, श्यामसुंदर लाल, मीरा सिन्हा, जयप्रकाश सिन्हा समेत लगभग 150 लोग जमीन पर आकर गेहूं की कटनी कर रहे थे महिलाओं को भागने के लिए कहने लगे। इसी बीच बीच बचाव में आये श्यामदेव यादव, रामजीत यादव और सुरेश यादव के साथ मारपीट की जाने लगी।
अपने लोगों को पीटते देख महिलाएं हस्तक्षेप करने लगी। जिसके बाद लगभग एक दर्जन वाहन से आये लोगो ने गोली बारी करनी शुरू कर दी। जिसके दौरान बजौरा निवासी मुन्नी यादव के पत्नी 50 वर्षीय मुन्ना देवी के पेट मे एक गोली लग गयी। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों को जुटते देख हमलावर भागने लगे। इधर घायल मुन्ना देवी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी में भर्ती करवाया गया। जहां उसकी मौत हो गयी। घटना के विरोध में परिजनों ने सड़क जाम कर दिया।
शेरघाटी डीएसपी प्रमेन्द्र भारती अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मिले। उन्होंने कार्रवाई का भरोसा दिया। इधर डोभी पुलिस के द्वारा घटना में शामिल चार लोगो को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी में इलाज के दौरान पकड़ लिया गया है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों के आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।